Wednesday, 9 April 2014

सेक्सकांड में फंसे बापू के खिलाफ आचार्य प्रमोद बोले, ‘संत का चोला छोड़ आसाराम अब शादी कर लो’

सेक्सकांड में फंसे बापू के खिलाफ आचार्य प्रमोद बोले, ‘संत का चोला छोड़ आसाराम अब शादी कर लो’



नई दिल्ली। संत आसाराम बापू के खिलाफ एक लड़की ने यौन उत्पीड़न, हत्या की धमकी और जबरन बंधक बनाने का मामला दर्ज कराया है। दिल्ली पुलिस ने ये मामला दर्ज कर इसे जोधपुर ट्रांसफर कर दिया है। उधर, आसाराम के खिलाफ संत समाज से भी आवाज उठने लगी है। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा है कि आसाराम को अब शादी कर लेनी चाहिए।

आसाराम पर FIR दर्ज
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में जीरो नंबर की एफआईआर दर्ज की है। इसका मतलब होता है कि वारदात कहीं और हुई है और एफआईआर किसी दूसरी जगह दर्ज की गई है। दिल्ली पुलिस ने इस केस को जोधपुर पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है। पुलिस ने नाबालिग लड़की की शिकायत पर जो धाराएं आसाराम पर लगाई हैं वो बेहद संगीन हैं। पुलिस ने धारा 376 यानि यौन उत्पीड़न, धारा 342 यानि जबरन बंधक बनाकर रखना, धारा 506 यानि जान से मारने की धमकी देना और पॉस्को यानि प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन अगेंस्ट सेक्सुअल ऑफेंस के तहत मामला दर्ज किया है।

आसाराम के खिलाफ आरोपों की जांच जोधपुर पुलिस ने एसीपी चंचल मिश्रा को सौंपी है। दिल्ली पुलिस की टीम ने मेडिकल जांच और एफआईआर समेत तमाम रिकॉर्ड जोधपुर पुलिस को सौंपे। जोधपुर पुलिस अब पीड़िता के बयान के आधार पर मौके पर जाकर जांच करेगी। आसाराम को तलब किया जा सकता है या फिर गिरफ्तारी हो सकती है।

संत का चोला छोड़ वैवाहिक जीवन बिताएं बापू
उधर, आचार्य प्रमोद कृष्णम ने आसाराम के बारे में कहा है कि विवादों से उनका चोली-दामन का साथ है। बापू को अब शादी कर लेनी चाहिए। संत का चोला छोड़ें और वैवाहिक जीवन बिताएं। उनके देश में समर्थक हैं इस पर कोई शक नहीं। जिसके पीछे लाखों लोग होते हैं, उसमें कुछ खास तो होता ही है। शायद भगवान की ज्यादा कृपा से उनकी बुद्धि सठिया गई है इसलिए शादी कर लें।
क्या है मामला
सूत्रों ने बताया कि यह घटना अगस्त महीने के पहले सप्ताह की है। गुरुकुल में लड़की की तबीयत खराब हुई थी। इसके बाद उत्तर प्रदेश में रहने वाले उसके माता-पिता को सूचना दी गई। वे गुरुकुल पहुंचे तो उनसे कहा गया कि लड़की की तबीयत में फिलहाल सुधार है, लेकिन पूरी तरह से ठीक होने के लिये अनुष्ठान की जरूरत है और अनुष्ठान खुद बापू ही करेंगे। इसलिए लड़की को बापू के पास ही ले जाओ। इसके बाद लड़की के माता-पिता उसे जोधपुर के नजदीक उस स्थान पर ले गए, जहां पर आसाराम ठहरे थे। आरोप है कि आसाराम ने अभिभावकों को वहां से चले जाने और लड़की को उनके पास छोड़ जाने को कहा। बापू ने कहा कि रातभर की पूजा और अनुष्ठान से लड़की हमेशा के लिए ठीक हो जाएगी। आरोप है कि बापू ने यह भी कहा कि वह लड़की को दैवीय शक्ति देकर बड़ी वक्ता भी बना देंगे। आसाराम बापू के आश्वासन पर अभिभावक अपनी बेटी को वहीं छोड़ चले गए। उसी रात लड़की का रेप करने का प्रयास किया गया। इसके बाद लड़की घर लौट आई और उसने कई दिनों बाद अपने घरवालों को पूरी बात बताई।

आसाराम बापू के पुराने विवाद-
भक्त को मारी लात: हाल ही में आसाराम बापू के खिलाफ एक भक्त को लात मारने के मामले में कोर्ट ने जमानती वारंट जारी किया। बापू पर आरोप है कि शहर के मैदा मिल परिसर में प्रवचन के बाद पैर छूने झुके भक्त अमान सिंह दांगी को उन्होंने लात मारकर अभद्रता की थी। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर उनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था।

पत्रकार को मारा थप्पड़: समय-समय पर आपा खोने वाले आसाराम ने कुछ महीनों पहले गाजियाबाद में भी एक पत्रकार के सवाल पूछने पर उसे घूंसा रसीद कर दिया था। आरोप है कि रोहित गुप्ता नाम का पत्रकार आसाराम बापू के समारोह की कवरेज करने गया था। इसी दौरान आसाराम के समर्थकों ने पत्रकार पर हमला कर दिया और उसकी पिटाई की। पत्रकार का आरोप है कि आसाराम बापू ने ही समर्थकों को हमले के लिए उकसाया था।

हड़प गए 700 करोड़ की जमीन?: आसाराम और उनके बेटे पर मध्य प्रदेश के रतलाम में 700 करोड़ रुपए की जमीन हड़पने का संगीन आरोप लगा है। आरोप है कि साल 2001 में रतलाम की एक फैक्ट्री की जमीन आसाराम ने सतसंग के लिए किराए पर ली थी, जिसपर उन्होंने कब्जा जमा लिया। नारायण साईं की वेबसाईट में मंदिर के पास की जमीन आसाराम अपनी बता रहे हैं। पूरे 200 एकड़ जमीन कब्जा करने का आरोप आसाराम पर लग रहा है। आरोप है कि मध्य प्रदेश के रतलाम की 200 एकड़ जमीन पर आसाराम और उनके बेटे नारायण ने साल 2001 से कब्जा कर रखा है।

पानी किसी के बाप का नहीं: होली में पानी बचाने की अपील पर भी आसाराम ने विवादित बयान दिया था। 27 मार्च 2013 को आसाराम ने ये बयान दिया था कि पानी किसी के बाप का नहीं है। ये बयान उन्होंने तब दिया जब लोगों ने उनके द्वारा हजारों लीटर पानी बर्बाद करने का आरोप लगाया। आपको बता दें कि सूरत में आसाराम बापू ने हजारों लीटर पानी से होली खेली थी। बापू ने कहा कि हम किसी सरकार या सरकार के बाप का पानी नहीं लेते।

आसाराम बोले, बलात्कारियों को भाई क्यों नहीं बोला?: आसाराम बापू के मुताबिक दिल्ली गैंगरेप घटना के लिए पीड़ित लड़की भी जिम्मेदार थी क्योंकि ताली एक हाथ से नहीं बजती। उनका तो यह भी मानना था कि 6 आरोपियों के सामने अगर वह उनको रोकने की गुहार लगाती तो शायद वह बच सकती थी। इससे उसकी इज्जत और जिंदगी दोनों बनी रहती।
राहुल गांधी कम बुद्धि वाले बबलू: 9 अक्टूबर 2011 को दिल्ली में आसाराम बापू का एक ध्यान शिविर आयोजित किया गया था। जिसमें उन्होंने राहुल गांधी के लिए भी एक विवादित बयान दे डाला था। आसाराम बापू ने कहा कि राहुल गांधी कम बुद्धि वाले बबलू हैं।
Source :  http://khabar.ibnlive.in.com/latest-news/national/acharya-pramod-takes-a-dig-on-asaram-2025772.html?utm_source=RELATED&ref=hindi.in.com

No comments:

Post a Comment